Skip to main content

तहखाना और राजयोग



तहखाना
इस तयखाने की जानकारी में सिर्फ साहब और उनके चार सिपहसलार को ही  हैं |
छटवां सिर्फ  मैं हूँ |
साहब  के इस  तहखाने  में ऐसे ऐसे  राज़ हैं कि बाहर आ  जायें तो  हंगामा हो  जाये |
आप  पूछे इसके पहले मै आपको बता  दूँ  कि मै आपको  कुछ  बता नहीं सकता सिर्फ दिखा सकता  हूँ वो भी अपने उन  इशारों से जिन्हें  आप  पढने  की योग्यता  शायद  नहीं  रखते |
दरअसल मुझे इस विशेष तहखाने तक पहुँचने के अवसर की   योग्यता  अपनी सिर्फ एक  जन्मजात अयोग्यता के  कारण हासिल  हो सकी है और वो है  मेरा  जन्मजात  गूंगा और अनपढ़ होना |
ना बोल सकता  ना लिख सकता इसलिए कोई खतरा  ना  समझकर साहब ने तहखाने में होने वाली गप्त वार्ताओं के समय  अपनी और मंडली की  सेवा के लिए  मेरा  चयन  किया | बोतल , सोडा , चखना , सिगरेट और खाना  परोसने भर तक मुझे वहां  रहने  की  इजाज़त होती है | बस उतने  के दरम्यान जितना सुन-देख लेता उतना ही सुन-देख कर ऊपर  वाले  से  दुआ करता हूँ कि मुझे बहरा  और अंधा  भी  कर  दे तो  तेरा  अहसान  हो |
तो उस  दिन जीत  का  जश्न था ..साहब और उनके सिपहसालार आकंठ नशे में डूबे थे |
नहीं बोतल तो अभी खुलनी बाकी  थी  ..जीत  का नशा  ही उन्हें बहकाये दे  रहा था |
‘अब हम उनकी फाड़ के  रख देंगे’ मझले सिपहसलार ने अपनी  जंघा उधेड़ कर ताल ठोंकते हुए कहा और वैसे ही हँसा जैसे महाभारत में  दुर्योधन सभा में  द्रोपदी का चीरहरण  करते  हँसा  होगा |
साहब भी  ठहाके  में   शामिल हुए फिर उनका  हाथ उठते ही खामोशी  छा  गयी |
‘वो काम तो दुर्वासा कुमार की  प्रचंड जीत से अपने  आप  हो  गया ...अब समझदारी इस जीत को टिकाऊ बनाने  में है’ साहब ने  अपनी पितामही दाढ़ी पर हाथ फेरते  हुए  समझाइश दी |
‘तो अब हमे क्या करना  होगा ?’ लहुरे सिपहसालार ने उनके चरणों पर झुकते हुए पूछा वैसे  ही जैसे युद्ध में  जाने के पहले मेघनाद रावण के चरणों में झुकता है |
साहब ने हल्की मुस्कान के  साथ तिरछी नज़रो से  जेठे सिपहसालार की तरफ देखा जैसे मालिक अपने वफादार शिकारी कुत्ते की तरफ देखता है |
जेठा सिपहसालार इस तिरछी नज़र का भेद बताने की गरज से ज़रा तना और अपने सपाट सिर पर अंगुलियाँ घुमाते हुए बोला ‘बस ज़रा अपने वचनों की आंच  धीमी कर दो ... अब मुर्गा हलाल हो चुका है ....हम उसे मद्धम  आंच  में  पकायेंगे  थोड़ी थोड़ी अंगूरी मिलाकर ...स्वाद अच्छा आयेगा ... जरूरत हुई तो बर्नर घुमा कर आंच फिर तेज़  कर  देंगे’
उसके बात समाप्त करते ही साहब ने विशेष अंदाज़ में हाथ की मुद्रा बनायी और अट्टहास किया  वैसे ही जैसे  शकुनी पांसे फेंकते  हुए  करता था |
उस रात तहखाने में  मै इतना ही  देख –सुन सका था |
और मौकों की तुलना में  मेरे लिए इसे समझना ज्यादा पेचीदा था |
आप बहुत पढ़े-लिखे हैं ...क्या आप इसे समझने में मेरी मदद करेंगे ?

राज योग
वातानुकूलित रथ रुका और वे  उतरे |
पूरे रास्ते नंगे-भूखे बच्चे अपने हाथ में उनकी तस्वीर लेकर जैकारा करते खड़े थे |
तस्वीरों में  वे शेर से लेकर गाय-बकरी सभी जानवरों के  बच्चों को दूध पिलाते और दुलारते दिख रहे थे |
आँखों में रेबेन का  चश्मा ,कलाई में रोलेक्स की सोने की चेन लगी घड़ी , पांवो में होम मेड डिजाइनर खड़ाऊं , हाथों में एप्पल का मोबाइल और बदन पर केसरिया बाना |
बस्ती की आँख फटी की फटी रह गयी मानो वे सपने में किसी केसरिया राजकुमार को आता देख रहे हों |
केसरिया राजकुमार मनसुख मास्टर के घर की तरफ सिंह के छौने की चाल से बढ़ चले  |
 वे मनसुख मास्टर तीसरी औलाद थे | जिन्हें मनसुख मास्टर के परिवार ने  उनके सब नखरे उठाकर पाला था ,कारण कि रामनारायन शास्त्री ने उनकी जन्म पत्री विचारकर कहा था इसके राज योग है |
सो मनसुख मास्टर का  पूरा परिवार उस  राजयोग की मलाई खाने के चक्कर में छांछ पीते हुए तीसरे बेटे को दूध पिलाता रहा |
लेकिन जब कालेज के दूसरे बरस ही फेल होते वे घर से कूच  कर गये तो मनसुख  मास्टर के परिवार के  अरमानो की मानो चिता ही सज  गयी |
दो बरस बाद जब काशी से लौटे पड़ोसी ने   खबर दी  कि वे गेरुआ बाने में चिलम चढाते सिद्ध घाट पर देखे गये तो मानो उस चिता में आग लग गयी |
मिसेज मनसुख तो शास्त्री जी के घर पल्लू खोंसकर उलाहना देने भी पहुँच गयी थीं और जन्म पत्री बचवाने की जो   दक्षिणा दी थी उसे फेरने की मांग भी कर बैठी थीं |
उस बात को आठ साल हुए आज राजयोग सिद्ध कर इधर वे अपने पुश्तेनी मकान में तख़्त पर मसनद पर टिके टीवी पर अपनी  ही खबर देख रहे थे |
इस बीच मिसेज मनसुख मास्टर ने  दो किलो की मिठाई  का  डिब्बा हज़ार रूपये रखकर शास्त्री जी के  घर रवाना कर दिया था |
उधर मनसुख मास्टर का पड़ोसी अपने जवान लड़के  को उलाहना दे रहा था
‘स्याला  घर में  बैठकर मुफ्त की रोटी तोड़ता रहता है ...मनसुख के तीसरे लड़के से कुछ सीख ..कुछ नही कर सकता तो चोला ही बदल ले ..’
जवान लड़के ने  सुना और किताब में  सिर गड़ा दिया ...उसकी जन्म पत्री में  शायद राज योग नहीं था ||
||हनुमंत किशोर ||

Comments

Popular posts from this blog

सिल-बट्टा

कथा : सिल-बट्टा ... ++++++++++++++++++ दादी सास मरी तो उनका लकड़ी का सन्दूक पलंग के नीचे से बाहर निकाला गया | कभी पूरी हवेली उनकी तर्जनी पर नाचती थी | फिर वे एक कमरे तक सिमटती गयीं और फिर पलंग ही उनका संसार हो गया था | उन्होंने शरीर के जेवर उतारकर बहुओं में बाँट दिये थे | कभी बेटी-दामाद आते तो दादी पलंग के नीचे से सन्दूक निकालने को कहती और एक कपडे की गाँठ खोलकर नोट निकालती और आशीष देते हुए थमा देती  | उस गाँठ में वापस नोट कहाँ से आ जाते थे यह राज दादी सास के साथ ही .... दादी सास के संदूक को खोलकर नाती पोतों ने उसकी रहस्य भरी दुनिया में झाँका ..उनके कपड़े ..कपड़ों के नीचे कुछ देवी देवताओं की तस्वीर और उनके बीच एक बहुत पुराना लगभग गल चुका गमछा ... और सबसे नीचे .. सिल-बट्टा ...| सिल-बट्टा का निकलना था कि लगा दादी सास का भूत निकल आया हो | कहते है यह दादी सास की दादी सास के समय से था | नयी बहु आती तो इसकी पूजा करायी जाती | धोखे से पाँव लग जाता तो प्रणाम करने होते | दाल पीसनी हो या चटनी ...ये महाराज धों पोंछकर बिछाये जाते और फिर वैसे ही धो पोछकर दीवार के सहारे टिका दिये जाते | जब मिक्सी-ग्...

लप्रेक :टुरा और टुरी

टुरा और टुरी : लप्रेक ***************** १)पूर्वार्ध ^^^^^^^^ कहते है जमीन और आसमान सिर्फ मिलते हुए दिखते हैं ,हक़ीक़त में मिलते कभी नही । तो एक ऐसी ही जगह जहां ज़मीन और आसमान मिलते दिख रहे थे एक टुरी खड़ी थी । उसके जूड़े में फूल था । उसकी अँजुरी में फूल थे उसकी साँसों में फूल थे उसकी आँखों मे फूल थे वो उस तरफ देख रही थी जिस तरफ से एक टुरा आता दिख रहा था । दिख रहा था ...बस ..आ नही रहा था । टुरा अचानक दूसरी गली में मुड़ गया । इस स्टोर से उस स्टोर इस बिल्डिंग से उस बिल्डिंग उसकी जेब मे एक लंबी लिस्ट थी लिस्ट बड़ी मंहगी थी और वह बेहद जल्दी में था । टुरी खड़े खड़े ऊँघने लगी टुरा भागते भागते बहुत दूर निकल गया । २)उत्तरार्ध ^^^^^^^^^^^^ टुरा बड़ा होकर 'ही' बना । 'ही' बड़ा आदमी बना । टुरी बड़ी होकर 'शी' बनी । 'शी' लेखिका  बनी । 'शी'को अब भी विश्वास था कि ज़मीन और आसमान का मिलना स्वप्न नही सच है । सो उसने टिकट कटाया और मुम्बई जा पहुंची । 'ही' मिला जरूर लेकिन  लंबी गाड़ी ऊंचे बंगले और मोटे  बैंक बैलेंस के नीचे दबकर उसका चेहरा वीभत्स हो ...

कीड़ा और अमन के रखवाले

कीड़ा _______________ बिटिया जोर से चिल्लाई ..'पापा ...' | मै लपक कर पहुंचा तो गमले के पास डरी खड़ी थी | उसने अंगुली का इशारा किया तो मैंने देखा एक जहरीला सा दिखता कीड़ा गमले के पीछा छिपा था | उसे भगाना चाहा तो वो स्कूटर के पीछे जा छिपा , वहां से खदेड़ा तो जूतों के रेक के पीछे जा छिपा | अंत में तय किया गया कि इससे पीछा छुड़ाने के लिए इसे मार ही डाला जाये | जिस क्षण उसके सर को मै डंडे से कुचलने जा ही रहा था | ठीक उसी क्षण वहां यक्ष खड़ा हो गया | यक्ष ने कहा " बेशक उसे मार डालो लेकिन पहले एक प्रश्न का जवाब दो क्या तुम उन जहरीले कीड़ो को भी ढूंढकर मार सकते हो जो कानून , धर्म , राष्ट्र , संस्कृति की आड़ में छिपे हैं ?" मै निरुत्तर था | अब वहाँ ना यक्ष था ना कीड़ा || अमन के रखवाले  ___________________________ उस गिरोह का दावा था कि वो अमन का  रखवाला  है | चौराहों पर उनके बड़े-बड़े इश्तहार चिपके थे जिनमे में अत्याधुनिक हथियारों से सुसज्जित अमन की अपील के साथ खड़े दिखते थे | एक दिन दोपहर को सूरज डूब गया | खबर आयी कि उन्होंने शहर के उस नंगे फ़कीर को गोली मार दी जो ग...