Skip to main content

फूल / गौसेवक / विडम्बना

सूक्ष्म कथा : फूल 
+++++++++++++++++
बड़ी देर भटकने के बाद वो फूल तक पहुंचा |
उसने उसके चारों तरफ घूमकर यकीन करना चाहा कि वो एक फूल ही था |
बड़ी हिम्मत कर उसने उसे छुआ और सूंघा भी |
आखिर में हारकर तसल्ली करने के लिए उसने गूगल में टाइप किया "फूल" और सर्च किया |
फूल के बारे में वो बड़ी देर तमाम बाते  पढ़ते रहा..तमाम चित्र देखते रहा  |
उधर फूल  जब उब कर थक गया एक उसांस लेकर झड़ गया  |


लघु कथा :गो सेवक 
+++++++++++++++
वे मेरे मित्र हैं |
कपड़े का धंधा करते हैं |दुकान की सजावट देखकर लगता है धंधा फल-फूल रहा है 
साथ में गो सेवक भी हैं | दुकान में गौमाता की मूर्ती रखते हैं जिसके सींग चांदी से मढ़े हैं और जिसके उदर में गो सेवा का चंदा जमा होता रहता है |
मै उनकी दुकान कुछ लेने नहीं उनकी मुस्कान देखने जाता हूँ | जो वे हर ग्राहक के दुकान की ओर रुख करते ही बिछा देते हैं |
आज शाम भी उनकी दुकान पर खड़ा उनकी मुस्कान का नजारा कर रहा था |जिसे बीच बीच में समेटकर भजन गुनगुनाते हुए वे गौ माता की मूर्ती को चमका रहे थे |
अचानक मैंने देखा कि उनकी अर्धचन्द्र मुस्कान तीखे त्रिशूल की त्योरी में बदल गयी |
मैंने उनकी नज़र का पीछा किया तो देखा तीन लोग कांच का दरवाज़ा ठेलकर अन्दर घुसे थे | तीनो के चेहरे और लिबास से लगता था कि वे मजदूर क्लास के थे | उन्होंने उनके चीकट पाँव देखे फिर दुकान का कीमती कालीन देखा और अपनी घूरती आँखों और कड़कती आवाज़ से उन्हें वहीँ रोक दिया |
'क्या चाहिये ?' वे गरजे
"कमीज देखनी है |"किसी तरह मजदूर महिला ने साहस कर उत्तर दिया |
उनके माथे का त्रिशूल और गहरा हो गया लेकिन ग्राहक को भगा सकने का साहस वे नही कर सके और हाथ के इशारे से दायें काउंटर पर जाने को कहा |
मिनट भर में उनकी सहन शक्ति जवाब दे गयी और यह सोचकर कि ऐसे फटीचर कस्टमर उनकी दुकान की सरासर तौहीन हैं, वे बेचैन हो गये |
उन्होंने काउंटर के नौकर को कपड़े समेटने और मजदूरों को दफा करने का इशारा किया |
अगले ही पल तीनो मजदूर दुकान के बाहर थे |
उनकी अर्ध चन्द्र मुस्कान लौट आयी थी |
भजन गुनगुनाते हुए वे गौ माता की मूर्ती की सेवा में लीन हो गये |


सूक्ष्म कथा : विडम्बना
+++++++++++++++++++
सुबह देखा गया
भगवान की दहलीज पर
एक बच्चे की लाश पड़ी थी |
बस्ती में जाने क्या हवा उड़ी कि दोपहर तक चोराहों पर बच्चे की तस्वीरे फूल माला के साथ टंग चुकी थी , जिनमे नीचे सुनहरे अक्षरों से लिखा था "धर्म की वेदी पर बाल बलिदानी" |
लेकिन अंतिम संस्कार के समय नहलाते हुए उसके अंगो के कुछ चिन्हों से जान पड़ा कि बच्चा उनके धर्म का नहीं था |
शाम तक हवा उल्टी बहने लगी और देखते -देखते चौराहे पर लगी तस्वीरों पर स्याही पोत दी गयी जिनके नीचे काले अक्षरों से लिख दिया गया "विधर्मी " |
उधर दहलीज के बाहर बैठा एक लड़का यह सब हैरानी से देख रहा था |
शायद उसे पता नही था कि यह उसकी अंतिम हैरानी थी !!


Comments

Popular posts from this blog

तहखाना और राजयोग

तहखाना इस तयखाने की जानकारी में सिर्फ साहब और उनके चार सिपहसलार को ही   हैं | छटवां सिर्फ   मैं हूँ | साहब   के इस   तहखाने   में ऐसे ऐसे   राज़ हैं कि बाहर आ   जायें तो   हंगामा हो   जाये | आप   पूछे इसके पहले मै आपको बता   दूँ   कि मै आपको   कुछ   बता नहीं सकता सिर्फ दिखा सकता   हूँ वो भी अपने उन   इशारों से जिन्हें   आप   पढने   की योग्यता   शायद   नहीं   रखते | दरअसल मुझे इस विशेष तहखाने तक पहुँचने के अवसर की    योग्यता   अपनी सिर्फ एक   जन्मजात अयोग्यता के   कारण हासिल   हो सकी है और वो है   मेरा   जन्मजात   गूंगा और अनपढ़ होना | ना बोल सकता   ना लिख सकता इसलिए कोई खतरा   ना   समझकर साहब ने तहखाने में होने वाली गप्त वार्ताओं के समय   अपनी और मंडली की   सेवा के लिए   मेरा   चयन   किया | बोतल , सोडा , चखना , सिगरेट और खाना   परोसने भर तक मुझे वहां   रहने   की ...

कथा :राखी और कवच

कथा : राखी +++++++++++++++++ आज के दिन जब दीदी की कलाई पर राखी बांधता हूँ और उससे रक्षा का वचन लेता हूँ तो लोग कहते हैं कि मै गलत परम्परा डाल रहा हूँ..| मै कहता हूँ नही ..बस परम्परा को सही कर रहा हूँ | मेरी बात समझने के लिए आपको मेरे बचपन में जाना होगा | हम पांच थे .. माँ ,बाबू, दीदी मैं और सिम्मो | कस्बे में घर के बाहरी कमरे में ही हमारी प्रेस की दूकान थी .. माँ पड़ोस से कपड़े लाती और बाबू मुंह में बीड़ी दबाये कपड़ो पर कोयले वाला प्रेस फेरते | बीड़ी की लत ने बाबू को जवानी में ही इतना बेदम कर दिया कि अब वे सिर्फ प्रेस में कोयला भर पाते और प्रेस फेरने का काम दीदी के जिम्मे आ गया | दीदी दिन भर काली चाय पीती और प्रेस करती | हाँ मुझसे और सिम्मो से जरुर कहती दूध पीया करो ..कमज़ोर दिखते हो | मेरे कालेज पहुँचते पहुँचते जब बाबू सिर्फ दवा के भरोसे रह गये तब दीदी ने बाबू की जगह ले ली | दीदी अब प्रेस के साथ हमारी पढ़ाई लिखाई के बारे में भी पूछती | जबरिया जेब में नोट डालकर सर पर हाथ फेरते हुए कहती चिंता मत कर खूब पढ़ | मेरा कालेज खत्म भी नहीं हुआ था.. कि सिम्मो कस्बे के ऑटो वाले के साथ भाग गयी | मैने अपन...

दुम और जंगल

सूक्ष्म कथा : दुम और जंगल;  ************************** ********* १) दुम +++++++ मै दम लाने के चक्कर में दुम काट दिया करता था| ' लेकिन हमें हिलती हुई दुम पसंद है' मेरी रचनाओ के पढ़ने के बाद कड़वा सा मुंह बनाते हुए सम्पादक महोदय में प्रकाशक की ओर ठेल दिया | प्रकाशक पान की पीक के साथ उन पर कुछ थूकने जा ही रहे थे कि मैं उन्हें समेटकर तेज़ी से उठा | उतनी ही तेज़ी से "वे" अन्दर आये और अपने झोले से लम्बी दुमो को निकालकर टेबल पर उनके सामने फैलाकर बैठ गये | कुछ सालों बाद "वे" सम्पादक की कुर्सी पर विराजमान थे ||| २)जंगल +++++++++ उनके शहर जाना हुआ | वे बोले ' चलिये आज जंगल पिकनिक कर आते हैं |' घंटो कार से भटकने के बाद शहर के मुख्यमार्ग से हटकर झाड़ियों की आड़ थी जिसे शायद आसपास केगाँव वालों ने दिव्यनिपटान के लिए बचा कर रखा होगा | हम वहां अपने साथ ले जाये गये टिफिन खाली करके सेल्फी लेकर लौट आये | रात उनके घर डिनर पर जाना हुआ| तीन लोंगो के लिए ६ बेडरूम के उस घर में दरवाजे खिड़की फलोरिंग बेड ड्रेसिंग डाइनिंग काउच सोफा सब का सब शानदार वुडन क्राफ्ट था | जिसकी खासियत वे ग...