Skip to main content

सांडे का तेल : saande ka tel

कथा : सांडे का तेल
+++++++++++++++++
वो कर्रा मजमेबाज़ था |
जिला आफिस के सामने ही  दस बजते उसकी डुग्गी बजती और देखते देखते बड़ा सा मजमा जम जाता |
हरीराम ने बताया था वो मोड़ के कबाड़ी से शीशी लेकर उसमे जला इंजन आइल भर लेता था |
 पहलवान बाबा की फोटो के आगे सजी उनकी कतार पर मानो पहलवान बाबा की कसरती देह आई एस आई का ठप्पा मार देती |
मजमे का चक्कर मारते हुए वो कहता " भाई जान ..बाबू जी ..साहब जी .. ये चमत्कारी जड़ी बूटी से बना सांडे का तेल बस  दिन में  दो बार ...नया पुराना कोई भी मर्ज़ हो तीन हफ्ते में छू मंतर हो जायेगा . ..खूंटा खम्भा हो जाएगा .रूप-रंग चंगा हो जाएगा ... एक बार आजमा कर देखो ..फायदा  नहीं तो आपकी जूती मेरा सर "
दो तीन  चक्कर लगाकर वो बीस-बीस रूपये में लोगो को शीशी चेंपकर  देखते-देखते खुद छू मंतर हो जाता |
मकुना पनवाड़ी उसके हर मजमे में भीड़ से निकलकर जोर से कहता 'मुझे दो शीशी दो  ..एक हफ्ते में इस तेल के इस्तेमाल के बाद  अब बीबी मायके जाने का नाम ही नहीं लेती |'
हरिराम ने  बताता था कि मकुना को इसके लिए रोज़ बीस रूपये मिलते थे |
मेरा सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था तो कभीतेल का ख्याल नहीं आया फिर एक दिन जब तबादला हुआ ..तो शहर छूटा और मजमे की याद भी छूट गयी  |
१० साल बाद तरक्की और तबादले पर मेरी शहर में दुबारा आमद हुई |
एक-दो हफ्ते गुजर गये |
मैंने महसूस किया अब उस जगह मज़मा नहीं जमता था |
फिर एक दिन मै पास ही की  चाय की दुकान पर खड़ा था कि किसी ने चाय बढ़ाते हुए कहा
"तिवारी बाबू जी नमस्कार ..." 
देखा तो वही मजमेबाज था लेकिन अब  बीमार और कमज़ोर |
मैंने चुहल करते हुए कहा"... यार तुम्हारा मजमा नहीं लगता ..तुम्हारे तेल की जरूरत थी ...बीबी मायके जाने की बात करती है  ?"
"काहे का तेल काहे का मजमा बाबू साहब,अब तो हम सब बेरोजगार से हो गये है ..अब इसी  दुकान में काम करता हूँ  "कहते हुए वो दूसरे ग्राहक की तरफ मुड़ गया |
चाय सुडकते हुए मैं अखबार पलटने लगा |
अखबार के हर पन्ने पर लाखों की भीड़ को अपने लटके झटके से लुभाते हुए आधी बांह के कुर्ता धारी महानायक की तस्वीर थी ...
"ओह्ह तो अब सबके हिस्से के सांडे का तेल ये अकेले बेच रहे हैं "
 सोचते हुए मैंने चाय की लम्बी सुड़क भरी और मन ही मन मुस्कुराया लेकिन अगले ही पल सशंकित हो गया कि कहीं मुझे ऐसा सोचते हुए तो किसी ने नहीं देख लिया |
सुनते है चप्पे-चप्पे में हरिराम छुपे हुए हैं ||
||हनुमंत किशोर ||

Comments

Popular posts from this blog

तहखाना और राजयोग

तहखाना इस तयखाने की जानकारी में सिर्फ साहब और उनके चार सिपहसलार को ही   हैं | छटवां सिर्फ   मैं हूँ | साहब   के इस   तहखाने   में ऐसे ऐसे   राज़ हैं कि बाहर आ   जायें तो   हंगामा हो   जाये | आप   पूछे इसके पहले मै आपको बता   दूँ   कि मै आपको   कुछ   बता नहीं सकता सिर्फ दिखा सकता   हूँ वो भी अपने उन   इशारों से जिन्हें   आप   पढने   की योग्यता   शायद   नहीं   रखते | दरअसल मुझे इस विशेष तहखाने तक पहुँचने के अवसर की    योग्यता   अपनी सिर्फ एक   जन्मजात अयोग्यता के   कारण हासिल   हो सकी है और वो है   मेरा   जन्मजात   गूंगा और अनपढ़ होना | ना बोल सकता   ना लिख सकता इसलिए कोई खतरा   ना   समझकर साहब ने तहखाने में होने वाली गप्त वार्ताओं के समय   अपनी और मंडली की   सेवा के लिए   मेरा   चयन   किया | बोतल , सोडा , चखना , सिगरेट और खाना   परोसने भर तक मुझे वहां   रहने   की ...

कथा :राखी और कवच

कथा : राखी +++++++++++++++++ आज के दिन जब दीदी की कलाई पर राखी बांधता हूँ और उससे रक्षा का वचन लेता हूँ तो लोग कहते हैं कि मै गलत परम्परा डाल रहा हूँ..| मै कहता हूँ नही ..बस परम्परा को सही कर रहा हूँ | मेरी बात समझने के लिए आपको मेरे बचपन में जाना होगा | हम पांच थे .. माँ ,बाबू, दीदी मैं और सिम्मो | कस्बे में घर के बाहरी कमरे में ही हमारी प्रेस की दूकान थी .. माँ पड़ोस से कपड़े लाती और बाबू मुंह में बीड़ी दबाये कपड़ो पर कोयले वाला प्रेस फेरते | बीड़ी की लत ने बाबू को जवानी में ही इतना बेदम कर दिया कि अब वे सिर्फ प्रेस में कोयला भर पाते और प्रेस फेरने का काम दीदी के जिम्मे आ गया | दीदी दिन भर काली चाय पीती और प्रेस करती | हाँ मुझसे और सिम्मो से जरुर कहती दूध पीया करो ..कमज़ोर दिखते हो | मेरे कालेज पहुँचते पहुँचते जब बाबू सिर्फ दवा के भरोसे रह गये तब दीदी ने बाबू की जगह ले ली | दीदी अब प्रेस के साथ हमारी पढ़ाई लिखाई के बारे में भी पूछती | जबरिया जेब में नोट डालकर सर पर हाथ फेरते हुए कहती चिंता मत कर खूब पढ़ | मेरा कालेज खत्म भी नहीं हुआ था.. कि सिम्मो कस्बे के ऑटो वाले के साथ भाग गयी | मैने अपन...

दुम और जंगल

सूक्ष्म कथा : दुम और जंगल;  ************************** ********* १) दुम +++++++ मै दम लाने के चक्कर में दुम काट दिया करता था| ' लेकिन हमें हिलती हुई दुम पसंद है' मेरी रचनाओ के पढ़ने के बाद कड़वा सा मुंह बनाते हुए सम्पादक महोदय में प्रकाशक की ओर ठेल दिया | प्रकाशक पान की पीक के साथ उन पर कुछ थूकने जा ही रहे थे कि मैं उन्हें समेटकर तेज़ी से उठा | उतनी ही तेज़ी से "वे" अन्दर आये और अपने झोले से लम्बी दुमो को निकालकर टेबल पर उनके सामने फैलाकर बैठ गये | कुछ सालों बाद "वे" सम्पादक की कुर्सी पर विराजमान थे ||| २)जंगल +++++++++ उनके शहर जाना हुआ | वे बोले ' चलिये आज जंगल पिकनिक कर आते हैं |' घंटो कार से भटकने के बाद शहर के मुख्यमार्ग से हटकर झाड़ियों की आड़ थी जिसे शायद आसपास केगाँव वालों ने दिव्यनिपटान के लिए बचा कर रखा होगा | हम वहां अपने साथ ले जाये गये टिफिन खाली करके सेल्फी लेकर लौट आये | रात उनके घर डिनर पर जाना हुआ| तीन लोंगो के लिए ६ बेडरूम के उस घर में दरवाजे खिड़की फलोरिंग बेड ड्रेसिंग डाइनिंग काउच सोफा सब का सब शानदार वुडन क्राफ्ट था | जिसकी खासियत वे ग...