Skip to main content

तीन लघु कथाये : हनुमंत किशोर

एनकाउंटर 
--------------
गोल मेज कांफ्रेंस जारी थी ।सबके माथे पर चिंता की लकीरें खींची हुई थीं ।
'उसके पास से एक माचिस ,तीन किताब .दो कोरी नोटबुक ,एक पेन और चार नंबर बरामद हुये थे बस '
नीली वर्दी वाला साहब पसीना पोछते हुये बोला 
'लेकिन रात को व्ही.आई.पी. इलाके मे घूमने कोई कारण भी नहीं बताया स्याले ने '
हरी वर्दी ने ने मुट्ठी भींचकर कहा
'उसकी किताब मे लिखा है देश जरनल से बड़ा है । शक्ल और बातों से साफ है कि वो देश की तरह नहीं सोचता..था.. '
पीली वर्दी ने सख्त लहजे मे कहा
'लेकिन इतना पर्याप्त नहीं है उसे देश द्रोही सिद्ध करने के लिये' नीली वर्दी ने चिंता जाहिर की ।
'माचिस के अलावा कुछ भी ऐसा नहीं मिला जिससे वो कुछ कर सकता था ...हम क्या कहें अब ? ' एक साथ सारी वर्दियों ने भुनभुनाते हुये चीफ की तरफ़ आदेश के लिये देखा ।
चीफ का चेहरा तन चुका था ।
'यही कि आत्म रक्षा मे मुठभेड़ के दौरान मारा
गया '....चीफ ने टेबल पर मुक्का मारते हुये कांफ्रेंस बर्खास्त कर दी.....
दूसरे दिन सबसे बड़ी सुर्खी थी "खतरनाक देश द्रोही एनकाउंटर मे मारा गया ' ॥
॥हनुमंत किशोर ॥



अमन के ननिहाल वाले उधर रह गये..अमन के ददिहाल वाले इधर रह गये ।
बीच मे दरिया बहता रहा जो कभी कभी लाल हो जाता....
लोग कहते फिर दिल्ली और इस्लामाबाद मे तकरार हो गयी है ॥
टीवी और अखबार जब बारूदी गंध से सने होते हैं , वो तब भी अमृता की चोटी खींचने से और मोहन और जसप्रीत को प्यार भरी गाली देने से बाज नहीं आता ॥
अमन का परिवार भले ईद मे खुश होता हो अमन को मज़ा होली दीपावली मे ज्यादा आता है वजह सिर्फ इतनी कि इन मौकों पर उसे मस्ती करने के लिये दोस्त मिल जाते है ।
लेकिन इस दफे दरिया का पानी लाल हुआ तो आसमान भी लोहे के डैने वाली चीलों से भर गया । सरहद पार से गोलियाँ छूटने लगी...धमाके होने लगे ।
अमृता ,मोहन,जसप्रीत के परिवार की तरह उसे भी बस्ती से बाहर बने बंकर मे अपने परिवार के साथ पनाह लेनी पड़ी ।
अमन के लिये सबसे बड़ा दुख यह था कि वो अपने दोस्तों के साथ मैदान मे नहीं खेल सकता था ।
अमन के अम्मी-अब्बू की तरह वो भी दुआ करता , लेकिन उसकी दुआ मे दोस्तों के संग खेल मे शरीक होने की मिन्नत होती ।
आज अम्मी ने जब से बताया कि दिवाली है तब से अमन मासूस हो गया ।
उसे दिवाली की याद रह रह कर सताने लगी ।
तब कैसे आसमान मे आतिशबाजी देखकर वे मचल उठते थे और पटाखे के धमाके पर नाचने लगते ।
धमाके तो आज भी हो रहे थे लेकिन इन्हे सुनकर सबका दिल दहल उठता था ।
किसी तरह सोया तो तो उसने ख्वाब मे देखा कि सरहद पार दोनों तरफ़ से फरिश्ते आ जा रहे है जिनमे किसी के हाथ मे ईद की सेंवई है किसी के हाथ मे दिवाली की मिठाई और पटाखे....
अमन ने आवाज़ देकर अपने दोस्तों को मैदान मे जमा कर लिया है जहाँ वे आतिशबाजी का मज़ा लेंगे..
ख्वाब जारी था कि तभी जोर का धमाका हुआ..
अमन की अम्मी ने उसे जोर से चीख कर भींच लिया....
एक लम्बी सी साँस छोड़ते हुये अमन धीरे से बुदबुदाया...."फरिश्ते सिर्फ ख्वाबों मे आते है.."
सुबह अमन का शरीर तप रहा था...अम्मी और अब्बू ...को बडबडाना समझ नहीं आ रहा था....वो मुसल्सल बड़बड़ा रहा था.."फरिश्ते सिर्फ ख्वाब मे आते हैं....."
टोबा टेक सिंह का नाम तो आपने सुना है ना साहब ??
॥हनुमन्त किशोर ॥

रंगोली 
..............
रेनू आज ही आई थी ।
शाम से ही रंगोली बनाने लगी । रंगोली बनाते समय इस बार उसे दादी की टोका टाकी की याद आ रही थी ।
दादी कभी रंगोली नहीं बनाती थी ना ही रसोई मे उन्हे कभी खाना बनाते देखा ना ही कभी कोई काम साधते । लेकिन कोई भी काम उनकी टोका टाकी के बगैर हो जाये तो उसे अपशकुन समझा जाता । अब ना उन्हे ठीक से दिखता था ना ही वे देर तक बैठ सकती थीं लेकिन बोलने मे उनमे तब भी वैसी ही ताकत थी जब तब रही होगी जब वे अपनी ससुराल आई होंगी ।
दादी हर त्यौहार पर सबकी मौजूदगी चाहती थी । उसके लिये त्यौहार का मतलब था सबका एक साथ होना । जो नहीं आ पाता उसे फोन पर आशीष देती ।
रेनू पिछली दीपावली सेमेस्टर परीक्षा होने से नहीं आयी थी तब फोन पर ही उसने दादी की आवाज़ सुनी थी..चिरहुलानाथ रक्षा करें....आवाज़ भीगी थी जो अक्सर आँख भीग आने पर हो आती हैं ।
रेनू ने दादी का प्रिय लाल रंग फूल ने भरना शुरू किया और उसे पिछली के पिछली दीपावली याद आ गयी जब देहरी पर पूरे समय बैठकर रंगोली के बारे मे बतियाती रही थी ।बात ही उनकी दवा थी । वे कितनी भी बीमार हो यदि कोई उनसे पेट भर बतिया ले तो वे चंगी होने लगती थी । रंगोली से रसोई सब उनके बतियाने के बहाने थे जिसे लोग टोका-टाकी समझ लेते रेनू ने रंगोली की पत्तियाँ बनाते हुये अपने आप से कहा ।
रेनू ने नज़र उठाकर देहरी की तरफ़ देखा जहाँ दादी की लाठी अभी भी टिकी थी । दादी इसी लाठी के सहारे अंत मे रंगोली के की परिक्रमा करती रेनू को आशीष देती और देहरी पर जाकर बैठ जाती ।
रात बच्चे पटाखे चलाते तो अपनी प्यारी टोका टाकी फिर शुरू कर देती ।रंगीन आतिशबाजी के बीच दादी की झिड़की की फुलझड़ी का अपना ही अलग मज़ा था ।रेनू ने रंगोली फूल के ऊपर बैठी तितली मे रंग भरते हुये अपने आप से कहना जारी रखा ।
अचानक रेनू वो वाकया याद कर मुस्कुरा दी जब प्रसाद का लड्डू खा लेने पर पापा ने उन्हे झिड़क दिया था और तब दादी मुँह फुलाकर अपनी रजाई मे दुबक गयी थी ।लेकिन बच्चे उन्हे मनाकर पटाखे के समय उठा लाये ।एक फुलझड़ी भी उनके हाथ मे जलाकर थमायी गयी तब दादी अपने पुराने रंग मे लौटी और उनके टोकने की आवाज़ से पटाखो की आवाज़ भी सुरीली हो गयी थी ।
पटाखा यानी पटा और खा....रेनू संधि विच्छेद कर हँस दी ।
रंगोली बनाकर उसने एक नज़र देखा तो लगा फूल नहीं एक झुर्रीदार चेहरा बन गया है और तितली कुछ कुछ उसके जैसी है।
आँगन मे अंतिम बार यहीं ज़मीन पर दादी की देह धरी गयी थी ।
रेनू के अपनी गीली आँखे पोछी तो लाल रंग चेहरे पर छप गया ।
रात रेनू जब घूरे पर दिया रखकर लौटी तो दादी का उजास चौतरफ़ बिखरा दिखा ।
"घूरे पर दिया सबसे पहले रखा करो...असली पूजा वही हैं "...दादी दिया सजाते समय हमेशा टोकती थी
॥हनुमंत किशोर ॥

Comments

Popular posts from this blog

तहखाना और राजयोग

तहखाना इस तयखाने की जानकारी में सिर्फ साहब और उनके चार सिपहसलार को ही   हैं | छटवां सिर्फ   मैं हूँ | साहब   के इस   तहखाने   में ऐसे ऐसे   राज़ हैं कि बाहर आ   जायें तो   हंगामा हो   जाये | आप   पूछे इसके पहले मै आपको बता   दूँ   कि मै आपको   कुछ   बता नहीं सकता सिर्फ दिखा सकता   हूँ वो भी अपने उन   इशारों से जिन्हें   आप   पढने   की योग्यता   शायद   नहीं   रखते | दरअसल मुझे इस विशेष तहखाने तक पहुँचने के अवसर की    योग्यता   अपनी सिर्फ एक   जन्मजात अयोग्यता के   कारण हासिल   हो सकी है और वो है   मेरा   जन्मजात   गूंगा और अनपढ़ होना | ना बोल सकता   ना लिख सकता इसलिए कोई खतरा   ना   समझकर साहब ने तहखाने में होने वाली गप्त वार्ताओं के समय   अपनी और मंडली की   सेवा के लिए   मेरा   चयन   किया | बोतल , सोडा , चखना , सिगरेट और खाना   परोसने भर तक मुझे वहां   रहने   की ...

कथा :राखी और कवच

कथा : राखी +++++++++++++++++ आज के दिन जब दीदी की कलाई पर राखी बांधता हूँ और उससे रक्षा का वचन लेता हूँ तो लोग कहते हैं कि मै गलत परम्परा डाल रहा हूँ..| मै कहता हूँ नही ..बस परम्परा को सही कर रहा हूँ | मेरी बात समझने के लिए आपको मेरे बचपन में जाना होगा | हम पांच थे .. माँ ,बाबू, दीदी मैं और सिम्मो | कस्बे में घर के बाहरी कमरे में ही हमारी प्रेस की दूकान थी .. माँ पड़ोस से कपड़े लाती और बाबू मुंह में बीड़ी दबाये कपड़ो पर कोयले वाला प्रेस फेरते | बीड़ी की लत ने बाबू को जवानी में ही इतना बेदम कर दिया कि अब वे सिर्फ प्रेस में कोयला भर पाते और प्रेस फेरने का काम दीदी के जिम्मे आ गया | दीदी दिन भर काली चाय पीती और प्रेस करती | हाँ मुझसे और सिम्मो से जरुर कहती दूध पीया करो ..कमज़ोर दिखते हो | मेरे कालेज पहुँचते पहुँचते जब बाबू सिर्फ दवा के भरोसे रह गये तब दीदी ने बाबू की जगह ले ली | दीदी अब प्रेस के साथ हमारी पढ़ाई लिखाई के बारे में भी पूछती | जबरिया जेब में नोट डालकर सर पर हाथ फेरते हुए कहती चिंता मत कर खूब पढ़ | मेरा कालेज खत्म भी नहीं हुआ था.. कि सिम्मो कस्बे के ऑटो वाले के साथ भाग गयी | मैने अपन...

दुम और जंगल

सूक्ष्म कथा : दुम और जंगल;  ************************** ********* १) दुम +++++++ मै दम लाने के चक्कर में दुम काट दिया करता था| ' लेकिन हमें हिलती हुई दुम पसंद है' मेरी रचनाओ के पढ़ने के बाद कड़वा सा मुंह बनाते हुए सम्पादक महोदय में प्रकाशक की ओर ठेल दिया | प्रकाशक पान की पीक के साथ उन पर कुछ थूकने जा ही रहे थे कि मैं उन्हें समेटकर तेज़ी से उठा | उतनी ही तेज़ी से "वे" अन्दर आये और अपने झोले से लम्बी दुमो को निकालकर टेबल पर उनके सामने फैलाकर बैठ गये | कुछ सालों बाद "वे" सम्पादक की कुर्सी पर विराजमान थे ||| २)जंगल +++++++++ उनके शहर जाना हुआ | वे बोले ' चलिये आज जंगल पिकनिक कर आते हैं |' घंटो कार से भटकने के बाद शहर के मुख्यमार्ग से हटकर झाड़ियों की आड़ थी जिसे शायद आसपास केगाँव वालों ने दिव्यनिपटान के लिए बचा कर रखा होगा | हम वहां अपने साथ ले जाये गये टिफिन खाली करके सेल्फी लेकर लौट आये | रात उनके घर डिनर पर जाना हुआ| तीन लोंगो के लिए ६ बेडरूम के उस घर में दरवाजे खिड़की फलोरिंग बेड ड्रेसिंग डाइनिंग काउच सोफा सब का सब शानदार वुडन क्राफ्ट था | जिसकी खासियत वे ग...