Skip to main content

deal ( सौदा )

सूक्ष्म कथा : डील 
_________________________
डायनिंग टेबल पर सन्नाटा पसरा हुआ था | 
उनकी आँखों की चील ने एक गोल चक्कर काटा और वे गुर्र्राये ... “ यदि तुमने खानदान की इज्ज़त के खिलाफ उस बदजात से शादी की तो तुम्हे इस घर से एक फूटी कौड़ी नहीं मिलेगी ..”
“तो फिर मै भी उसे नहीं छोड़ सकता ..” वो घायल कबूतर की तरह रिरियाया |
“इन्होने उसे छोड़ने कब कहा , ये तो खानदान के हिसाब से खानदानी बहू लाने को कह रहे है ...” माँ की बिल्लौरी आँखे मुस्कुरायीं और उन्होंने बेटे को कमरे के भीतर चलने का इशारा किया |
कुछ देर समझने समझाने के बाद माथे पर छलछला आये पसीने को पोछते हुए लड़के ने लड़की को फोन पर अपनी परेशानी बतायी और एक डील रखी |
जिसके जवाब में दूसरी ओर से तराजू के संतुलित पलड़े की तरह सीधी और ठहरी हुई आवाज आयी .. “ डार्लिंग ... मुझे भी तुम्हारे खानदान की बहू बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है हाँ 'लिव इन रिलेशनशिप' तभी रहेगी जब तुम बायपास वाला बंगला नहीं ग्रीनवेली वाला फार्महाउस अपने डैडी से मेरे नाम करवा दोगे .....दैट्स फायनल |”
बेटे से माँ ,माँ से बाप तक डील पहुंची तो सन्नाटा खुसरफुसर में बदल गया ... अंत में खानदान की इज्ज़त के लिए बाप फ़ार्म हाउस की बली देने को और बेटा बीबी के लिए अपनी पसंद की बली देने को तैयार हो गया |
'डील' पटते ही माँ ने राहत की साँस ली कि चलो सांप भी मर गया और लाठी भी बच गयी |||||


फेस बुक २४/८ / २०१४ 

Comments

Popular posts from this blog

तहखाना और राजयोग

तहखाना इस तयखाने की जानकारी में सिर्फ साहब और उनके चार सिपहसलार को ही   हैं | छटवां सिर्फ   मैं हूँ | साहब   के इस   तहखाने   में ऐसे ऐसे   राज़ हैं कि बाहर आ   जायें तो   हंगामा हो   जाये | आप   पूछे इसके पहले मै आपको बता   दूँ   कि मै आपको   कुछ   बता नहीं सकता सिर्फ दिखा सकता   हूँ वो भी अपने उन   इशारों से जिन्हें   आप   पढने   की योग्यता   शायद   नहीं   रखते | दरअसल मुझे इस विशेष तहखाने तक पहुँचने के अवसर की    योग्यता   अपनी सिर्फ एक   जन्मजात अयोग्यता के   कारण हासिल   हो सकी है और वो है   मेरा   जन्मजात   गूंगा और अनपढ़ होना | ना बोल सकता   ना लिख सकता इसलिए कोई खतरा   ना   समझकर साहब ने तहखाने में होने वाली गप्त वार्ताओं के समय   अपनी और मंडली की   सेवा के लिए   मेरा   चयन   किया | बोतल , सोडा , चखना , सिगरेट और खाना   परोसने भर तक मुझे वहां   रहने   की ...

ठूंठ

सूक्ष्म कथा : ठूंठ ********************************************************************************************************** केफेटेरिया के बगल से ढलान थी | जहाँ दोनों तरफ ऊँचे फूल पत्तियों से लदे फदे     हँसते खिलखिलाते पेड़ो की कतार थी | उसी कतार में एक ठूंठ था ...हरे भरों के बीच एक विषम संख्या | लेकिन शाम के वक्त ये ठूंठ हरा भरा हो जाता जब हज़ारो की संख्या में तोते उसकी सूखी फैली बांहों पर बैठ जाते | तोते ठूंठ का सारा नंगापन ढक लेते और ठूंठ झूठ मूठ ही सही पल भर के लिये भूल जाता कि वह अब फलफूलदार नहीं रहा | उस क्षण ठूंठ कभी   किसी दूल्हे सा इतराता   तो कभी उस माँ सा हुलस उठता जिसके बच्चे परदेश से लौट आये हों | एक दोपहर ढलान से उतरते हुये देखा ठूंठ पर कुल्हाड़े और आरे चल रहे थे उनकी आवाजों के बीच कुछ घुटी हुई सिसकियाँ सुनायी दी | वे ठूंठ की थीं या तोतों की कह नहीं सकता |   (चित्र गूगल साभार )

जाड़े की उस रात

जाड़े की उस रात +++++++++++++++ सालीवाड़ा में वो जाड़े की एक रात थी | यहाँ से जबलपुर जाने वाली गाडी साढ़े बारह पर थी |जहाँ से बनारस के लिए मेरी ट्रेन सुबह चार बजे थी |   सालीवाड़ा  का बीमार और बदबूदार बस स्टाप चिथड़ी रजाइयों और कथरियों में घुटने मोड़ कर घुसा यहाँ वहां दुबका पड़ा था |  चाय-सिगरेट के टपरे पर एक पीला बल्ब दिलासा देते हुए जल रहा था जिसके नीचे बैठा में अपनी बस के इंतज़ार में था | जाड़े में शरीर काम करना भले बंद कर दे दिल काम   करना बंद नहीं करता और कमबख्त  यादों को जाड़ा नहीं लगता वे वैसी ही हरारत से हमारे भीतर मचलती रहती हैं | तो परियोजना का काम पूरे जोर पर था और मैं अपने घर से सात सौ किलोमीटर दूर भीमकाय मशीनों और मरियल मजदूरों के बीच पिछले तीन हफ्तों से मोबाइल पर वीडियो चैट करके जाड़े में गर्मी पैदा करने की नाकाम कोशिश जारी रखे हुए था |   सरकार किसी भी हालात में उपचुनाव में जीत पक्की करनी चाहते थी  इसलिए ऊपर से दवाब बना हुआ था,जिसके चलते मै घर जाने का कोई रिस्क नहीं ले रहा था | इस परियोजना पर ही हमारी कम्पनी की साख निर्भर थी और कम्पनी ...