Skip to main content

possible // impossible

सूक्ष्म कथा : सम्भव असम्भव
************************************
आचार्य की जीवनी का अंतिम अध्याय लिखा जाना था |
उस अंतिम साक्षात्कार में आचार्य ने अपनी ग्रीवा तानकर अपनी उपलब्धियों का कुछ यूं बखान किया ...
“ मैंने कई असंभव कार्य संभव कर दिखाये ..जैसे शब्दों को मूसल बनाकर विपक्षियों को कूट कूटकर विचूर्ण कर दिया ... आलोचना की एक फूंक मारी और आसमान को सौ योजन ऊपर खिसका दिया ...मेरे एक इशारे पर नदिया पर्वत पर जा चढ़ी... मैंने उंगलियों के फंदे में वायु को बंदी बना लिया ...मैं चाँदनी को चादर की तरह लपेटकर सितारों से छुपा छुपी खेला किया ....|”
एक अल्प विराम के बाद आचार्य ने उच्छवास के साथ कहा ..
“पर मै स्वर्गवासी पत्नी की शंका का समाधान ना कर सका जो अंत तक मानती रही कि मेरी प्रेम कविताओं की प्रेरणा मेरी शोध छात्रा है |”
...और दीवार पर टंगे चित्र को निहारते हुये गाव तकिये पर निढाल हो गये |||

##################################################################################

चैरिटी @सुई मुई


++++++++++++++++++++++++++++++++
वे गहने बनवाकर तुड़वाकर बोर हो गयीं |
वे साड़ी-बिंदी-मेचिंग कार बदलकर बदलकर बोर हो गयीं |
वे बी सी खेलकर और फोटो खिचवा खिचवाकर बोर हो गयीं |
वे जिम-योग-स्पा-पार्लर जाकर बोर हो गयीं |
वे डाग शो-फ्लावर शो-कुकिंग शो करके बोर हो गयीं |
वे पार्टी- हाउजी-पिकनिक करके बोर हो गयीं |
वे श्री श्री – बाबा – बापू से बोर हो गयीं |
वे क्रिकेट – सिनेमा- सीरियल से बोर हो गयीं |
अब फिर ...क्या करें ? क्या करें? क्या करें ?
तो सबने तय किया कुछ चेरिटी की जाये यानी देश दुनिया की सेवा की जाये ...
तो सबने चंदा किया और एक सेलिब्रिटी को बतौर चीफ गेस्ट बुक किया | हाल और केटरिंग का खर्चा काटकर जो बचा उसमे चेरिटी के लिए सामान खरीदा गया |अंत में जरूरतमंद की तलाश पूरी हुई |
दूसरे दिन सिटी पेज पर बड़ी सी तस्वीर छपी थी जिसमे एक बुढ़िया को देने के लिए दर्जनों सहबाइन ने मुस्कुराते हुये दोनों हाथों से एक सुई उठा रखी थी |
इधर वे दिन भर फोन पर एक दूसरे से बधाईयाँ बटोरती रहीं ...
उधर सुई में डालने के लिए, बुढ़िया दिन भर धागे की चेरिटी की बाट जोहती रही |||||

Comments

Popular posts from this blog

तहखाना और राजयोग

तहखाना इस तयखाने की जानकारी में सिर्फ साहब और उनके चार सिपहसलार को ही   हैं | छटवां सिर्फ   मैं हूँ | साहब   के इस   तहखाने   में ऐसे ऐसे   राज़ हैं कि बाहर आ   जायें तो   हंगामा हो   जाये | आप   पूछे इसके पहले मै आपको बता   दूँ   कि मै आपको   कुछ   बता नहीं सकता सिर्फ दिखा सकता   हूँ वो भी अपने उन   इशारों से जिन्हें   आप   पढने   की योग्यता   शायद   नहीं   रखते | दरअसल मुझे इस विशेष तहखाने तक पहुँचने के अवसर की    योग्यता   अपनी सिर्फ एक   जन्मजात अयोग्यता के   कारण हासिल   हो सकी है और वो है   मेरा   जन्मजात   गूंगा और अनपढ़ होना | ना बोल सकता   ना लिख सकता इसलिए कोई खतरा   ना   समझकर साहब ने तहखाने में होने वाली गप्त वार्ताओं के समय   अपनी और मंडली की   सेवा के लिए   मेरा   चयन   किया | बोतल , सोडा , चखना , सिगरेट और खाना   परोसने भर तक मुझे वहां   रहने   की ...

कथा :राखी और कवच

कथा : राखी +++++++++++++++++ आज के दिन जब दीदी की कलाई पर राखी बांधता हूँ और उससे रक्षा का वचन लेता हूँ तो लोग कहते हैं कि मै गलत परम्परा डाल रहा हूँ..| मै कहता हूँ नही ..बस परम्परा को सही कर रहा हूँ | मेरी बात समझने के लिए आपको मेरे बचपन में जाना होगा | हम पांच थे .. माँ ,बाबू, दीदी मैं और सिम्मो | कस्बे में घर के बाहरी कमरे में ही हमारी प्रेस की दूकान थी .. माँ पड़ोस से कपड़े लाती और बाबू मुंह में बीड़ी दबाये कपड़ो पर कोयले वाला प्रेस फेरते | बीड़ी की लत ने बाबू को जवानी में ही इतना बेदम कर दिया कि अब वे सिर्फ प्रेस में कोयला भर पाते और प्रेस फेरने का काम दीदी के जिम्मे आ गया | दीदी दिन भर काली चाय पीती और प्रेस करती | हाँ मुझसे और सिम्मो से जरुर कहती दूध पीया करो ..कमज़ोर दिखते हो | मेरे कालेज पहुँचते पहुँचते जब बाबू सिर्फ दवा के भरोसे रह गये तब दीदी ने बाबू की जगह ले ली | दीदी अब प्रेस के साथ हमारी पढ़ाई लिखाई के बारे में भी पूछती | जबरिया जेब में नोट डालकर सर पर हाथ फेरते हुए कहती चिंता मत कर खूब पढ़ | मेरा कालेज खत्म भी नहीं हुआ था.. कि सिम्मो कस्बे के ऑटो वाले के साथ भाग गयी | मैने अपन...

दुम और जंगल

सूक्ष्म कथा : दुम और जंगल;  ************************** ********* १) दुम +++++++ मै दम लाने के चक्कर में दुम काट दिया करता था| ' लेकिन हमें हिलती हुई दुम पसंद है' मेरी रचनाओ के पढ़ने के बाद कड़वा सा मुंह बनाते हुए सम्पादक महोदय में प्रकाशक की ओर ठेल दिया | प्रकाशक पान की पीक के साथ उन पर कुछ थूकने जा ही रहे थे कि मैं उन्हें समेटकर तेज़ी से उठा | उतनी ही तेज़ी से "वे" अन्दर आये और अपने झोले से लम्बी दुमो को निकालकर टेबल पर उनके सामने फैलाकर बैठ गये | कुछ सालों बाद "वे" सम्पादक की कुर्सी पर विराजमान थे ||| २)जंगल +++++++++ उनके शहर जाना हुआ | वे बोले ' चलिये आज जंगल पिकनिक कर आते हैं |' घंटो कार से भटकने के बाद शहर के मुख्यमार्ग से हटकर झाड़ियों की आड़ थी जिसे शायद आसपास केगाँव वालों ने दिव्यनिपटान के लिए बचा कर रखा होगा | हम वहां अपने साथ ले जाये गये टिफिन खाली करके सेल्फी लेकर लौट आये | रात उनके घर डिनर पर जाना हुआ| तीन लोंगो के लिए ६ बेडरूम के उस घर में दरवाजे खिड़की फलोरिंग बेड ड्रेसिंग डाइनिंग काउच सोफा सब का सब शानदार वुडन क्राफ्ट था | जिसकी खासियत वे ग...